मथुरा। जिले में सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में अभिभावक अपने बच्चों का प्रवेश कराने में रूचि नहीं ले रहे हैं। वहीं बिना मान्यता के चल रहे प्राथमिक व जूनियर हाईस्कूलों में मोटी फीस देकर अभिभावक बच्चों का प्रवेश करा रहे हैं, जिससे ऐसे स्कूलों से बच्चों को दूसरे विद्यालयों में प्रवेश के लिए टीसी मिल नहीं पाती है। ऐसे स्कूलों पर लगाम लगाने के जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सुनील दत्त ने कार्रवाई करना शुरू कर दिया है।
अभिभावक सरकारी विद्यालयों में बच्चों का दाखिला कराने के स्थान पर उन्हें निजी स्कूलों में पढ़ाना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में संचालित ज्यादातर निजी स्कूल बिना किसी मान्यता के चल रहे हैं। निजी स्कूलों के खिलाफ अब बीएसए ने मोर्चा खोल दिया है। निरीक्षण के दौरान नगर क्षेत्र मथुरा, बल्देव, गोवर्धन ब्लॉकों में 15 प्राथमिक विद्यालय में बिना मान्यता चलते हुए मिले। इन सभी स्कूल संचालकों को बीएसए ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।