रेलवे स्टेशन पर रविवार की रात चेकिंग के नाम पर राजकीय रेलवे पुलिस ने जमकर दादागीरी की। दिल्ली से परिक्रमा करने आए एक युवक को तो सिपाहियों ने डंडे से पीट-पीट कर मरणासन्न कर दिया। बेहोश होने पर घबराए सिपाहियों ने ही उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में अज्ञात सिपाहियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
दिल्ली बदरपुर क्षेत्र के प्रहलादपुर निवासी अजीत कुमार रविवार की रात करीब 11 बजे कर्नाटक एक्सप्रेस से मथुरा स्टेशन पहुंचा। गिरिराज परिक्रमा के लिए उसकी मां ईएमयू ट्रेन से पहले ही मथुरा जंक्शन पहुंच गई थी। वह स्टेशन पर मां विमलेश देवी को तलाश रहा था, तभी जीआरपी के सिपाहियों से उसे रोककर टिकट की बावत पूछताछ की।
वह कुछ बता पाता, इससे पहले ही सिपाहियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। बीच बचाव करने पर उसकी मां से भी अभद्रता की। वहीं डंडे की पिटाई से जख्मी अजीत बेहोश होकर गिर पड़ा, तो सिपाहियों के हाथ पैर फूल गए। उसे जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। वहीं सुबह तक मामले को दबाने के प्रयास होते रहे।
पर, मीडिया को घटना की भनक लग जाने पर अज्ञात सिपाहियों के खिलाफ जीआरपी थाने में केस दर्ज किया गया। जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक पूरन सिंह चौहान ने बताया कि मुड़िया पूर्णिमा मेले के लिए बाहर से भी फोर्स आया है। उनका कहना है कि बाहर से आए सिपाहियों ने ही ऐसा किया है।