वृंदावन के प्रमुख मंदिरों के आसपास संदिग्ध अवस्था में घूमते पकड़े गए केरल निवासी युवक अफजल से पुलिस के विशेषज्ञों ने अपने-अपने तरीके से पूछताछ की। पुलिस जानकारी जुटा रही है कि बार-बार बदलते बयानों के पीछे उसका नशे का आदी होना है अथवा जानबूझकर पुलिस की जांच को भटकाने के लिए वह ऐसा कर रहा है।
एक टीम युवक के परिवारीजनों से भी संपर्क किए हुए है। युवक कब से घर नहीं गया और किन लोगों के संपर्क में रहा इसकी भी जानकारी एकत्रित की जा रही है।
केरल के वैनकेड निवासी मोहम्मद अफजल को गुरुवार रात वृंदावन पुलिस ने परिक्रमा मार्ग से संदिग्ध हालातों में हिरासत में लिया था। पकड़े गए युवक के पास से देशी-विदेशी बैंक के करीब 12 एटीएम कार्ड, यूएई की कंपनी का आई कार्ड, सिम और कागजात मिलने से मामला संदिग्ध माना गया।
बताया गया है कि युवक से खुफिया विभाग के अफसरों की पूछताछ में देर शाम तक कोई विशेष नतीजा नहीं निकलने से पुलिस असमंजस में है। बताया गया कि सवालों की सही जानकारी न देने पर पुलिस की विशेषज्ञ टीम ने युवक से पूछताछ की है। इस मामले में वृंदावन पुलिस पल-पल की जानकारी अधिकारियों को दे रही है।