मथुरा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के सोशल मीडिया अकाउंट ने संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर चल रही झूठी और निराधार अफवाहों का कड़ा संज्ञान लेते हुए आधिकारिक तौर पर खंडन किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूज्य संत पूर्णत: स्वस्थ हैं।
एसएसपी मथुरा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जारी संदेश में कहा गया है कि 'अवगत कराना है कि परम पूज्य संत प्रेमानंद महाराज पूर्णत: स्वस्थ हैं। कृपया झूठी व निराधार अफवाह न फैलाएं अन्यथा आपके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।'
यह चेतावनी उन व्यक्तियों के लिए है जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक खबरें फैला रहे थे, जिससे भक्तों और आम जनता के बीच अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा हो रही थी। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे इस तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और उन्हें आगे न बढ़ाएं।
मथुरा पुलिस ने इस मामले में कठोर रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पोस्ट में यूपी पुलिस, आईजी रेंज आगरा और एडीजी जोन आगरा को भी टैग किया गया है, जो इस मामले की गंभीरता को दर्शाता है।
ये भी पढ़ें-
Sant Premanand: 'किडनी खराब फिर भी जीवित...', जानें क्यों संत प्रेमानंद ने गुरु शरणानंद महाराज से कही ये बात
श्री हित राधा केलि कुंज परिकर श्रीधाम वृंदावन की ओर से भी सूचना जारी की गई। इसमें बताया गया कि प्रेमानंद महाराज का स्वास्थ्य ठीक है। गुरुदेव पूर्ववत अपनी दैनिक दिनचर्या में ही स्थित हैं। केवल प्रात: कालीन पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया है। लोगों से निवेदन किया गया है कि किसी भी प्रकार की झूठी या निराधार अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं।