मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 70 उपनिरीक्षकों और कई थाना प्रभारियों का तबादला कर नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। तीन साल का कार्यकाल पूरा करने वाले कुछ थानेदारों की जगह नए अधिकारियों को तैनात किया गया है।
मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले में फेरबदल करते हुए रविवार को कई थानेदार समेत 70 उपनिरीक्षकों (एसआई) को इधर से उधर कर दिया है। कई चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। कुछ थानेदारों के तीन साल पूरे होने पर उनका अन्य जिले में तबादला हो गया और उनके स्थान पर नए थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
जारी आदेश के अनुसार, बरसाना थाना प्रभारी अश्वनी कुमार को वृंदावन कोतवाली का प्रभारी बनाया गया, जबकि यहां तैनात संजय पांडेय का तबादला अन्य जिले में हो गया है। वहीं अजीत सिंह को सदर बाजार से बरसाना तथा अन्जीश कुमार को पुलिस लाइन से नौहझील भेजा गया है। त्रिपुरेश कौशिक को पुलिस लाइन से सदर बाजार, उमेश कुमार को कोसीकलां से मांट और रोशनलाल को गोविंद नगर अपराध शाखा से एएचटीयू (एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) में तैनाती दी गई है।
कोसीकलां भेजे गए सुरेंद्र कुमार
वहीं मुकेश शर्मा को अतिरिक्त निरीक्षक वृंदावन और सुरेंद्र कुमार को कोसीकलां भेजा गया है। इसी तरह 61 दरोगाओं के प्रभार में फेरबदल हुआ है। कुछ को थाने का प्रभारी तो कुछ दरोगाओं को जिले के अलग-अलग थानों, चौकियों एवं पुलिस इकाइयों में स्थानांतरित किया गया है। एसएसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण कर नई तैनाती स्थल पर जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए हैं।