अयोध्या राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष और मणिराम छावनी के महंत नृत्य गोपालदास महाराज ने कहा है कि मोदी शासन में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सकता है, क्योंकि ये एक धर्मप्रेमी सरकार है। प्रदेश में अगला चुनाव सपा और बसपा के बीच ही होगा। प्रदेश में सपा और मुलायम के आगे भाजपा ठंडी है।
नृत्य गोपालदास सोमवार को चैतन्य विहार स्थित निज आश्रम में सोमवार को पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि का मसला कोर्ट में चल रहा है। फैसले का इंतजार सभी को है। आज चाहे रामलला तिरपाल में हों, लेकिन हिंदू आस्था को देखते हुए जल्द ही मंदिर का निर्माण होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहें तो सोमनाथ मंदिर की तरह अयोध्या मंदिर का निर्माण भी करा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि कोई संत मंदिर निर्माण की तिथि घोषित करता है तो हम उसके साथ हैं। राम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद, संत समाज, राम जन्मभूमि न्यास और भाजपा सभी एक हैं।
एक प्रश्न के जवाब में नृत्य गोपालदास ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा और बसपा चुनावी दौड़ में आगे हैं। इन दोनों दलों के पास अपना बड़ा वोट बैंक है, साथ ही अल्पसंख्यकों का भी इन्हें समर्थन मिल जाता है जबकि भाजपा के पास अभी तक कोई ठोस वोट बैंक नहीं है।
उन्होंने कहा कि गंगा-यमुना जिन शहरों से होकर गुजरती है वहां कारखानों का कचरा और विषैला पानी छोड़े जाने से दोनों नदियां प्रदूषित हो रही हैं। सरकार को कारखानों से निकलने वाले विषैले पानी के शोधन की व्यवस्था करनी होगी।