मथुरा। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने गोवर्धन के गांव अड़ींग में स्थित मधुरीकुंड को संवारने की योजना बनाई है। कुंड को प्राचीन स्वरूप में विकसित किया जाएगा। फिलहाल विभाग ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है।
अधिकारियों के अनुसार, कुंड की सीढ़ियां और परिक्रमा मार्ग का नवीनीकरण, स्वच्छता व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और हरियाली बढ़ाने पर विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं के बैठने के लिए शेड और पेयजल की व्यवस्था भी होगी। मधुरीकुंड प्राचीन धार्मिक स्थल है, लेकिन उपेक्षा के चलते यहां पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। कुंड का सौंदर्यीकरण होने से न केवल श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। बीते दिनों उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक में इसके प्रस्ताव पर मंजूरी दी गई थी। सीईओ एसबी सिंह ने बताया कि प्रस्तावित योजना पर शासन से मंजूरी के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा।