मक्का लेकर नागपुर से रुद्रप्रयाग जा रही मालगाड़ी की चार बोगियां बाद रेलवे स्टेशन के यार्ड में पलट गईं। बोगियां पलटते ही पटरियां भी उखड़ गईं। ट्रैक पर मक्का की बोरियां फैल गईं। गुरुवार की रात को करीब एक बजे पलटी बोगियों को शुक्रवार की देर शाम तक भी पटरी पर नहीं चढ़ाया जा सका था।
नागपुर के बैतूल से मक्का के बोरा लेकर गुरुवार रात को मालगाड़ी रुद्रप्रयाग को जा रही थी। रात 12:50 बजे मालगाड़ी बाद रेलवे स्टेशन पहुंची, तभी सुपरफास्ट और अन्य तेज रफ्तार गाड़ियों के आने का समय हो गया। इस पर अधिकारियों ने मालगाड़ी को बाद यार्ड में ले लिया।
चालक रात 1:20 बजे जब गाड़ी को बाद यार्ड के लिंक ट्रैक से ले जा रहे था तभी अचानक चार डिब्बे पटरी से उतर गए और उनमें लदे मक्का के बोरा गिरने लगे। घटना में 50 मीटर पटरी उखड़ गई और 150 स्लीपर टूट गए और दो क्रॉस ओवर क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना पर रेल अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और डिब्बों में लदे मक्का के बोरे उतरवाए। आगरा से मेंटीनेंस वैन मंगाई गई। देर शाम तक लाइन को ठीक करने और स्लीपर बिछाने का काम जारी रहा। एडीआरएमए डीके सिंह ने बताया कि डिरेलमेंट से रेलवे को लाखों का नुकसान हुआ है। मरम्मत के लिए आगरा और मथुरा के इंजीनियरों की टीम काम करा रही हैं। मालगाड़ी डिरेल होने से आगरा-मथुरा रेल मार्ग पर कोई व्यवधान नहीं आया।