आठ नवंबर की रात को आठ बजे ही हुई थी नोटबंदी। गुरुवार को पूरा एक महीना हो गया है। लेकिन बैंकों पर कतारों की लंबाई कम नहीं हुई है। एटीएम पर सुबह ही भीड़ पहुंच जाती है। हर तरफ नोटबंदी का हल्ला मचा है।
गुरुवार को भी सुबह से ही बैंक और एटीएम पर लंबी लाइन लग गई थी। कोई बैंक या एटीएम ऐसा नहीं था जहां लाइन न हो। दोपहर होते-होते सभी जगह नो कैश का बोर्ड भी लगा दिया गया। लोग परेशान होकर लौट गए। सौंख अड्डे पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक पर भी सुबह से भीड़ थी। जब यहां लोगों का नंबर नहीं आया तो निराश होकर लौट गए। गोपाल, सुशील और हरिओम ने बताया कि अपना ही पैसा निकालने के लिए चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
कोतवाली रोड पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा पर भी लंबी लाइन रही। स्थिति यह थी कि बैंक में दाखिल होने के लिए भी मारामारी थी। एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में नोकझोंक भी खूब हुई। एटीएम तो हर जगह जवाब देने लगे हैं। होलीगेट और कृष्णानगर पर तो सभी एटीएम खाली थे। परेशान लोग इधर-उधर दौड़ते रहे।