‘दाने आए घर के अंदर कई दिनों के बाद
धुआं उठा आंगन के ऊपर कई दिनों के बाद
चमक उठी घर भर की आंखें कई दिनों के बाद
कौए ने खुजलाई पांखें कई दिनों के बाद....’
मथुरा। कवि नागार्जुन की ये पंक्तियां ‘अकाल और उसके बाद’ नामक कविता से हैं, जिसमें अकाल (महामारी) के बाद धीरे-धीरे सामान्य होते जनजीवन का चित्रण किया गया है। कोराना महामारी के प्रकोप को बढ़ने से रोकने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन के दौरान करीब दो महीने बाद बृहस्पतिवार को बाजार खुला और दुकानों पर चहल-पहल दिखी तो इन पंक्तियों ने बरबस अपनी ओर ध्यान खींच लिया।
शहर के हृदय स्थल होली गेट समेत कई स्थानों बाजार खुले, दुकानदारों के चेहरे पर उम्मीद की चमक थी। हालांकि ग्राहक अपेक्षित कम थे, लेकिन व्यापारियों ने अपनी दुकानों की साफ-सफाई की और सामान को व्यवस्थित किया। जिला प्रशासन ने हॉटस्पॉट इलाके को छोड़कर मथुरा-वृदावन नगरीय क्षेत्र के बाकी व्यापारिक प्रतिष्ठानों को खोलने की अनुमति दे दी है। यह व्यापारिक प्रतिष्ठान अभी सप्ताह में सिर्फ तीन दिन ही खुलेंगे।
इसके लिए क्षेत्र और दिन तय किया गया है। स्पॉ, सैलून, ब्यूटी पार्लर को फिलहाल कोई छूट नहीं दी गई है। लॉकडाउन के 58 दिन बाद बृहस्पतिवार को कृष्णा नगर, राधा नगर, जन्मस्थान, डीग गेट, श्रीकृष्ण जन्मभूमि लिंक रोड, आगरा रोड, भरतपुर गेट जंक्शन रोड, डेंपियर, चौकी बाग बहादुर, कोतवाली रोड, वृंदावन एवं अन्य सभी बाजार खुले।
सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक बाजार खुला। बाजार खोलने की शर्त के अनुसार दुकानदार तथा ग्राहकों को सामाजिक दूरी का पालन करना था, लेकिन कई स्थानों पर ऐसा नहीं हुआ। हालांकि बाजार में ग्राहकों की संख्या कम थी इसलिए भीड़ का दबाव भी दिखाई नहीं दिया।
बाजार खुलने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग और मॉस्क सहित अन्य आवश्यक दिशानिर्देशों का पालन दुकानदार और ग्राहक दोनों को करना होगा। धारा 144 का उल्लंघन होने पर भी कार्रवाई की जाएगी। रेस्टोरेंट से केवल होम डिलीवरी होगी। मिठाई की दुकान खुलेंगी लेकिन वहां बैठकर खाने की अनुमति नहीं दी गई है। फल-सब्जी को छोड़कर स्ट्रीट बेंडर, स्पॉ, सैलून, ब्यूटी पार्लर की दुकानों को भी अभी नहीं खोला जाएगा।
- सर्वज्ञराम मिश्र, जिलाधिकारी
आज खुलेंगे ये बाजार ----
यमुनापार, कृष्णापुरी, सदर बाजार, सिविल लाइंस, धौलीप्याऊ, मसानी, जयसिंहपुरा, बिरला मंदिर, औरंगाबाद, टाउनशिप, गोविंद नगर महाविद्या, महोली रोड, मंडी चौराहा, सौंख रोड, सरस्वती कुंड, नया बस स्टैंड, भूतेश्वर रोड।