डैंपियर नगर मुक्त आकाशीय रंगमंच के समीप लगाई गई सब्जी मंडी में लगी भीड़।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। लॉकडाउन के दौरान छूट के समय बाजार में उमड़ रही भीड़ को रोकने के लिए शुरू की गई आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी व्यवस्था शनिवार को पहले दिन अप्रभावी रही। नगर निगम द्वारा बांटे जा रहे पैम्फ्लेट पर दिए गए दुकानदारों के मोबाइल नंबर पर लोगों ने सामान मंगाने के लिए संपर्क किया, लेकिन पास न होने की बात कहकर सामान पहुंचाने से इनकार कर दिया गया। दूसरी ओर प्रशासन की ओर से जो आवश्यक वस्तुओं की रेट लिस्ट जारी की गई है वह ग्राहकों और दुकानदार दोनों के गले नहीं उतर रही है। लोगों का कहना है कि रेट बहुत ज्यादा हैं, इस पर भी डिलीवरी चार्ज देना है।
प्रशासन ने लोगों के पास आवश्यक सामान की कमी न हो इसके लिए लॉकडाउन के दौरान भी सुबह 7 बजे से 11 बजे तक बाजार को खुला रखा है परंतु इस दौरान बाजार में मारामारी मच जाती। इसी को देखते हुए प्रशासन ने शनिवार से नगर निगम क्षेत्र के 20 वार्डों में होम डिलीवरी व्यवस्था शुरू की। शहर के 11 वार्डों तथा वृंदावन के नौ वार्डों के लिए कुल 158 दुकानदार चिह्नित किए हैं।
इन दुकानदारों में मथुरा में किराना के 28 दुकानदार तथा वृंदावन के 23 किराना दुकानदार हैं, जबकि मथुरा तथा वृंदावन के 15-15 मेडिकल स्टोर चिह्नित किए हैं। इसके अलावा वृंदावन के 30 दूध तथा 27 सब्जी विक्रेताओं को भी चिह्नित किया गया है। निगम ने पैम्फ्लेट तथा अन्य माध्यम से इन दुकानदारों के मोबाइल नंबर लोगों तक पहुंचाए हैं। लोगों ने दुकानदारों को फोन किए, लेकिन पास न होने के कारण यह व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी।
इस संबंध में आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी के इंचार्ज एवं सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल ने बताया कि इन दुकानदारों के लिए वाहन पास तैयार कराए जा रहे हैं। शनिवार को वाहन पास इन लोगों तक पहुंच जाएंगे ताकि अगले दिन से वह सामान वितरित कर सकें। उधर, अपर नगर आयुक्त सतेंद्र तिवारी ने बताया कि दुकानदार इस बात को लेकर भ्रमित हैं कि उन्हें कौन से समय में काम करना होगा। जब बाजार खुलेगा ही तो लोग सामान खुद खरीद लेंगे।