सुनरख के लोगों ने शराब के ठेकों पर डाले ताले
- फोटो : अमर उजाला वृंदावन
धर्म रक्षा संघ की धर्मनगरी में शराब के ठेके बंद करने की मांग का आसपास गांव के लोगों ने समर्थन किया है। गुरुवार को गांव सुनरख स्थित सौभरि ऋषि आश्रम पर गांववासियों की महापंचायत हुई। इसमें जिला प्रशासन के भरोसे रहने की जगह स्वयं ही दुकानें बंद कराने का निर्णय लिया गया।
महापंचायत के बाद सभी गांववासी सुनरख मार्ग पर खुले शराब के ठेकों पर पहुंच और ठेका स्वामियों से दुकान बंद करने की मांग करने लगे। इस पर दुकानदारों ने लाइसेंस होने की बात कहते हुए गांववासियों की कार्रवाई का विरोध किया लेकिन दुकानदार लाइसेंस नहीं दिखा सके।
इसके बाद गांववासियों ने सभी दुकानाें पर ताले डालकर उनकी चाबी रमणरेती पुलिस चौकी को सौंप दी। दोबारा दुकान खोलने पर तोड़फोड़ और आगजनी की चेतावनी दी। इस अवसर पर महंत राधेश्याम बाबा, गंगाशरण गौतम, ओमप्रकाश चौधरी, नारायण गौतम, देवी सिंह बघेल, राजन गौतम, अनिल गौतम आदि उपस्थित थे।