मथुरा। गोविंद नगर थाना क्षेत्र की नई बस्ती में बृहस्पतिवार दोपहर एक अनियंत्रित लोडर ऑटो सात साल की बच्ची पर पलट गया। दर्दनाक हादसे में बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने लोडर को कब्जे में ले लिया है। चालक फरार है।
वाकया दोपहर तीन बजे करीब का है। सात वर्षीय तन्नू पुत्री नई बस्ती, गोविंद नगर अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी वहां एक लोडर ऑटो पहुंचा, जिसमें स्टील की रॉड लदी हुईं थीं। अचानक से लोडर अनियंत्रित हो गया और बच्ची उसकी चपेट में आ गई।
आनन-फानन आसपास के लोगों ने बच्चों को निकाला और अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोडर को कब्जे में ले लिया। वहीं, चालक फरार हो गया। इंस्पेक्टर गोविंद नगर ललित भाटी के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया है। चालक की तलाश की जा रही है। परिवार वालों की तहरीर पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है।