मथुरा। तीर्थस्थल घोषित होने के बाद बुधवार को मसानी चौराहे की शराब और बीयर की दुकानें चार घंटे के लिए बंद रहीं। यह भी इसलिए कि सूबे के मुखिया का काफिला इस मार्ग से गुजरते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान जाना था। दो महीने में पहली बार यह दुकानें जरूर बंद हो सकीं। मुख्यमंत्री के जाने के बाद पहले की तरह शराब की दुकानें फिर खुलवा दी गई।
सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने मथुरा शहर को तीर्थस्थल घोषित कर दिया था। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के १० वर्ग किमी की परिधि में मांस और मदिरा की दुकानों पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई थीं। इस घोषणा के बाद जरूर श्रीकृष्ण जन्मस्थान के इस एरिया में अंडे और मांस की बिक्री खुलकर तो पूरी तरह बंद हो गईं, पर शराब की दुकानें लगातार खुली रहीं।
तीर्थस्थल की घोषणा के बाद दो महीने में पहली बार मसानी चौराहे की शराब, बीयर की दुकानें और मॉडलशॉप पर ताला लटका दिखा। प्रशासन ने यह दुकानें मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व बुधवार की दोपहर एक बजे ही बंद करा दी गईं। मुख्यमंत्री के श्रीकृष्ण जन्मस्थान के दर्शन के बाद काफिला वृंदावन की तरह चला गया तो शाम को दुकानें खुलवा दी गईं। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि सुरक्षा के चलते यह दुकानें बंद कराई गईं।