गुरुशिष्य परंपरा के प्रतीक राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला के लिए तलहटी में धार्मिक आयोजनों का दौर शुरू हो गया है। 15 जुलाई से 19 जुलाई तक चलने वाले इस करोड़ी मेले के लिए तलहटी के मंदिरों पर विशेष सजावट की गई है। प्रमुख दानघाटी मंदिर, मानसी गंगा मुखारबिंद मंदिर, जतीपुरा मुखारबिंद मंदिर, हरगोकुल मंदिर सहित सभी मंदिर चकाचौंध रोशनी से झिलमिला रहे हैं। मठों, गुरु आश्रमों धार्मिक आयोजन जारी हैं।
परिक्रमार्थियों की हिफाजत को चप्पे-चप्पे पर फोर्स
गिरिराज परिक्रमा के लिए आने वाले परिक्रमार्थियों की हिफाजत को चप्पे-चप्पे पर फोर्स की तैनाती की गई है। 21 जोन और 60 सेक्टर में बंटे परिक्रमा क्षेत्र में अफसर तैनात हैं। खुफिया एजेंसियों ने भी निगहबानी कड़ी कर दी है। 232 मजिस्ट्रेट की ड्यूटी गुरुवार रात से ही शुरू हो गई।
मेला परिसर में दस हेल्थ मोबाइल दस्ते रहेंगे। सादा कपड़ों में पुलिस रहेगी और वाच टावर से भी निगहबानी की जाएगी। गोवर्धन की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिलाधिकारी और एसएसपी ने गुरुवार को मेलास्थल का निरीक्षण किया। एटीएस और केंद्रीय खुफिया एजेंसी ने भी अपना आफिस तैयार कर लिया है।
मथुरा शहर में आठ बैरियर
मुड़िया मेला में अधिकांश फोर्स की ड्यूटी के चलते शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए आठ बैरियर यहां भी लगाए जा रहे हैं। धौली प्याऊ, रोडवेज बस अड्डा, भूतेश्वर तिराहा, रेलवे स्टेशन, लक्ष्मी नगर तिराहा, टैंक चौराहा, मसानी अग्रसेन चौराहा पर अस्थायी बैरियर लगाए हैं। इससे मथुरा होकर गोवर्धन तक जाने वाले लोगों को परेशानी न हो।
स्टीमर के साथ तैनात हुए गोताखोर
मानसी गंगा, कुसुम सरोवर और राधा कुंड में स्टीमर के साथ गोताखोर तैनात कर दिए गए हैं। स्नान करने वालों के लिए स्थान नियत है। बैरिकेडिंग भी कर दी है।
चेन स्नेचिंग रोकने के लिए दस्ते तैनात
परिक्रमा मार्ग पर स्थित सभी प्रमुख मंदिरों पर चेन स्नेचिंग रोकने के लिए पुलिस के खास दस्ते तैनात हैं। दानघाटी मंदिर, गिरिराज जी का मंदिर, मुखारबिंद और जतीपुरा मंदिरों पर फोर्स के अतिरिक्त इंतजाम हैं।
रिलीवर आने के बाद ही छोड़ेंगे ड्यूटी
मेले में सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी आठ-आठ घंटे के लिए लगाई गई है। अफसरों से कहा गया है कि जब तक रिलीवर नहीं आ जाए ड्यूटी नहीं छोड़ेंगे।