वृंदावन। रमणरेती क्षेत्र स्थित निर्माण स्थल पर ठेकेदार और उसके सुपरवाइजर के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। लाठी-डंडों से लैस आधा दर्जन युवकों ने ठेकेदार को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। बीच-बचाव करने आए सुपरवाइजर को भी गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ठेकेदार ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से बिहार, गोपालगंज के रहने वाले और वर्तमान में गोवर्धन निवासी ठेकेदार राजू मांझी रमणरेती स्थित फोगला आश्रम के पास गेस्ट हाउस निर्माण का कार्य करा रहे थे। शनिवार सुबह करीब जब उन्होंने निर्माण स्थल पर थे। तभी भुवनेश्वर निवासी एक युवक आते ही बिना किसी कारण के ठेकेदार को गालियां देने लगा। जब ठेकेदार ने उसका विरोध किया तो उसने बिल्डर को भी बुलाने और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित राजू मांझी ने बताया कि जब उन्होंने लेबर को रोकने की बात कही तो आरोपी चीकू ने फोन करके करीब 6 अज्ञात लड़कों को मौके पर बुला लिया, जिन्होंने ने ठेकेदार राजू मांझी पर हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर जब साइट की देखरेख करने वाले नाजिर हुसैन बचाने दौड़े, तो हमलावरों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शिकायतकर्ता की तहरीर पर जांच की जा रही है।