लेफ्टिनेंट जनरल अखिलेश कुमार लेफ्टिनेंट जनरल वी हरिहरन से पदभार गृहण करते हुए।
मथुरा। लेफ्टिनेंट जनरल अखिलेश कुमार ने बृहस्पतिवार को 1 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग का पदभार संभाला। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल वी हरिहरन से यह जिम्मेदारी ली। पद संभालने से पहले, अखिलेश कुमार एडजुटेंट जनरल ब्रांच में एडिशनल डायरेक्टर जनरल, डिसिप्लिन एंड विजिलेंस के पद पर तैनात थे।
अखिलेश कुमार सैनिक स्कूल, तिलैया और नेशनल डिफेंस एकेडमी, पुणे के पूर्व छात्र हैं। उन्हें 13 जून 1992 कोद राजपूताना राइफल्स की चौथी बटालियन में कमीशन किया गया था। उनके पास चेन्नई यूनिवर्सिटी और उस्मानिया यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री है। उन्होंने अलग-अलग तरह के इलाकों और ऑपरेशनल माहौल में काम किया है। इसमें जम्मू-कश्मीर में लाइन ऑफ कंट्रोल और उग्रवाद-विरोधी अभियानों का अनुभव शामिल है। अपने 34 साल से अधिक के कॅरिअर में, उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। इनमें राष्ट्रीय राइफल्स सेक्टर के कमांडर और एक इन्फैंट्री डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग शामिल हैं। अखिलेश कुमार को देश सेवा के लिए सेना मेडल (विशिष्ट) और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है। उन्हें साउथ वेस्टर्न कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ कमेंडेशन कार्ड भी मिला है। उन्होंने रैपिड के कर्नल जनरल स्टाफ और मिलिट्री सेक्रेटरी ब्रांच में कर्नल मिलिट्री सेक्रेटरी जैसे प्रतिष्ठित पदों पर भी काम किया है। एडजुटेंट जनरल ब्रांच में ब्रिगेडियर डिसिप्लिन एंड विजिलेंस (ए) का पद भी उनके कार्य अनुभव का हिस्सा रहा है।