बलदेव के गांव करनऊ और नंदूगढ़ी से हटकर अब तेंदुआ ने शहर का रुख कर लिया है। बुधवार देर रात तेंदुआ घूमते हुए यमुना किनारे जंगल के निकट बने नए एसएसपी कार्यालय में आ धमका। एसएसपी ऑफिस के कर्मचारियों, संतरी और निकट बाल संप्रेक्षण गृह के सुरक्षा गार्ड और दुकानदारों के आने पर वह जंगल की ओर भाग गया।
गुरुवार को आगरा में होने वाली डीआईजी की मीटिंग के संबंध में क्राइम ब्रांच के मुंशी केके और नीरज लंबित चल रही विवेचनाओं के बारे में रिपोर्ट तैयार कर रहे थे, संतरी भी उनके पास बैठा था। तभी करीब 11:45 बजे उन्हें कुछ आवाज सुनाई दी। उन्होंने देखा तो कार्यालय के बाहर तेंदुआ घूम रहा था।
तेंदुआ को देख पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया और उन्होंने किवाड़ बंद कर लिए। तीनों ने शोर मचाया तो बाहर के दुकानदार आ गए और कार्यालय से सटी बाल संप्रेक्षण गृह के तीन चौकीदार लाठी-डंडा और बंदूक लेकर आ गए। यह देख तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।
स्टेनो रामिकशन ने बताया कि इसके चलते कर्मचारी रात को रिपोर्ट तैयार करने से कतराते रहे। सुबह रिपोर्ट तैयार कराई गई। इसकी चर्चा एसएसपी कार्यालय में दिनभर होती रही।
एसएसपी कार्यालय यमुना किनारे नलवा पाथ स्थित पीडब्लूडी की पुरानी इमारत से संचालित हो रहा है। कार्यालय के सड़क पार सैकड़ों एकड़ वेटरनेरी विश्वविद्यालय के खेत और जंगल है और आधा किलोमीटर दूर यमुना बहती है।