मथुरा। सूखे पत्ते और कूड़ा जलने से झुलसे पेड़। संवाद
- फोटो : mathura
मथुरा। चंदनवन रोड पर हरित पट्टी क्षेत्र में सूखे पत्तों और कूड़े में आग लगने से दो दर्जन से अधिक पेड़ झुलस गए। वहीं एक पेड़ नीचे से पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि आग कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
आर्मी पब्लिक स्कूल के गेट नंबर तीन के सामने सड़क की दूसरी तरफ स्थित हरित पट्टी क्षेत्र में बड़ी संख्या में पेड़ लगे हैं। इन पेड़ों की तार फेंसिंग भी की गई है। लेकिन जगह-जगह फेंसिंग टूट गई है। शुक्रवार को किसी तरह हरित पट्टी में सूखे पड़े पत्तों और कूड़े में आग लग गई। इससे करीब 20 मीटर के क्षेत्र में दर्जनों पेड़ बुरी तरह आग की लपटों से झुलस गए। इसके साथ ही एक पेड़ नीचे से पूरी तरह जल गया। आसपास के लोगों ने पत्तों और कूड़े को अलग कर आग को फैलने से रोका। हालांकि आग कैसे लगी इसके बारे में कोई भी जानकारी नहीं दे सका।