मथुरा के चौमुहां में अदालत के आदेश पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने, एससी एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में पांच नामजदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विज्ञापन
थाना जैंत क्षेत्र के गांव नगला पिसावा निवासी बाबूलाल ने बताया कि उसकी नगला पिसावा में जमीन है। उसे क्रॉप लोन की जरूरत थी। राल निवासी राजेंद्र, गुटियारी, सेरसा निवासी निरपत, महेंद्र और अकबरपुर निवासी भरत सिंह ने 18 फरवरी 2021 को क्रॉप लोन दिलाने के बहाने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसकी जमीन को हड़प लिया।
पीड़ित द्वारा क्रॉप लोन की पूछने पर आरोपी टालमटोल करते रहे। पिछले वर्ष जब आरोपी पीड़ित की जमीन पर कब्जा करने आए तो उसने विरोध किया। आरोपी जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां दीं। महेंद्र ने बताया कि आरोपियों ने धोखे से उसकी 0.038 हैक्टेयर भूमि का बैनामा अपने नाम करा लिया है। सीओ सदर संदीप कुमार सिंह ने बताया मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।