मांट(मथुरा)। मांट के गांव गढ़ी मनसुख और आसपास चोरों ने तीन मकानों का ताला तोड़कर करीब १३ लाख रुपये की नकदी और जेवरात पार कर दिए। इसके अलावा दो मकानों को निशाना बनाने की कोशिश में जगार होने पर भाग गए। सुबह मौके पर पहुंची मांट पुलिस केवल खानापूर्ति करके लौट गई। तहरीर पर मांट पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके चोरों की तलाश का दावा किया है।
थाना मांट के गांव गढ़ी मनसुख में निवासी महिला के पति की मौत हो चुकी है। उसके दोनों बेटे फौज में हैं। महिला अपनी पुत्रवधु ममता के साथ कमरे में सो रही थी। बुधवार देर रात घर में घुसे चोर बराबर के कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर करीब ५० हजार रुपये, ५ लाख रुपये के सोने के जेवरात और ढाई लाख रुपये की चांदी चुरा ले गए। इसके बाद चोरों ने पास में ही परमाल के मकान में बने कमरे का ताला तोड़कर ढाई लाख रुपये के जेवरात और ६ हजार रुपये पार कर लिए।
चोरों ने पास में दो मकानों को निशाना बनाना चाहा, पर यहां जगार होने के बाद चोर भाग खड़े हुए। भागते हुए चोरों ने गांव से कुछ ही दूरी पर सीएससी परिसर में एएनएम प्राची अग्रवाल के बंद आवास का ताला तोड़कर ढाई लाख रुपये के जेवरात और १५ हजार रुपये चोरी कर लिए।
इन चोरियों के बारे में सुबह जगार होने पर मकान स्वामियों को पता चला। सूचना पर पहुंची मांट पुलिस ने हर बार की तरह केवल कोरम पूरा करने के लिए महज एक दरोगा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएचओ ने उस तरफ झांककर भी नहीं देखा। जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देश हैं कि बड़ी वारदात होने के बाद मौके पर उच्चाधिकारी पहुंचे और मामले की जांच करें।
डॉग स्क्वैड ने किया निरीक्षण
चोरी की वारदात होने के बाद पुलिस ने डॉग स्क्वैड को बुलाया और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कराई। साथ ही सर्विलांस टीम को भी बुलाया गया। इन सभी ने पूरी जानकारी जुटाई।
फोटो
चोरी की वारदातों का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा करके चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
- श्रीशचंद, एसपी देहात