मथुरा। हसनैन मुस्तफा खान का फाइल फोटो
- फोटो : mathura
मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र की राधा वैली कॉलोनी स्थित कोठी के इंटीरियर (गृह सज्जा) का कार्य करते मजदूर की शनिवार की सुबह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजन ने मकान स्वामी पर बिना बिजली बंद किए ही कार्य कराने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शनिवार की सुबह राधा वैली में एक कोठी में मजदूर इंटीरियर का कार्य कर रहे थे। अलीगढ़ के बन्ना देवी थाना क्षेत्र स्थित गांव शाह रहमान नई आबादी निवासी हसनैन मुस्तफा खान उर्फ सलमान (26) को कार्य करते हाइटेंशन लाइन से करंट लग गया। करंट लगने के बाद वह नीचे गिर गया। साथी उसे अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार शाही ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि कोठी स्वामी पुलिस के आने से पहले ही मौके से भाग गया।
पोस्टमार्टम गृह पर मो. असर खान ने बताया कि उनके भाई सलमान को मकान स्वामी ने हाईटेंशन लाइन की बिजली बंद होने की जानकारी दी थी, जबकि हाईटेंशन लाइन में करंट दौड़ रहा था। जैसे ही उनका भाई कार्य के लिए चढ़ा उसे करंट लग गया।
सीओ रिफाइनरी श्वेता सिंह ने बताया कि अभी परिजन ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।