मथुरा (फरह)। थाना क्षेत्र के गांव रहीमपुर रेलवे ट्रैक पर मंगलवार की रात मजदूर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजन ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव रहीमपुर निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई संजय सिंह (35) मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। मंगलवार की सुबह रोजाना की तरह वह मजदूरी करने गए, लेकिन लौटकर नहीं आए। जब वह नहीं आए तो उन्हें खोजने के लिए घर वाले निकले, तभी किसी ने सूचना दी कि संजय सिंह का शव गांव के पास से गुजर रहे रेलवे ट्रैक पर पड़ा है।
सुनील कुमार ने बताया कि भाई के सिर में चोट के निशान हैं। ऐसा लगता है कि उनकी हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। सीओ रिफाइनरी स्वेता वर्मा ने बताया कि अभी तक परिजन ने तहरीर नहीं दी है। यदि तहरीर में हत्या का आरोप लगाते हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होती है तो मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।