श्रीरंगनाथ मंदिर रथ मेला के उपलक्ष्य में आयोजित कुश्ती दंगल में आखिरी कुश्ती का कोई परिणाम नहीं आया। मुकाबला बराबरी पर रहा। रविवार की शाम दंगल श्री वृंदावन रथ मेला कुश्ती दंगल समिति एवं नगर निगम मथुरा वृंदावन द्वारा हजारीमल सोमाणी कॉलेज के खेल मैदान पर किया गया। कुश्ती दंगल की शुरुआत समिति अध्यक्ष राधाकृष्ण पाठक ने रीतेश पहलवान और हरकेश पहलवान के हाथ मिला कर की।
21 हजार की कुश्ती के लिए मीतरौल के संजय और सौंख के सेरी पहलवान के बीच बराबरी पर मुकाबला छूटा। गोपाल आश्रम मथुरा के मुरारी पहलवान और कोसी के भूरा पहलवान के बीच 21 हजार के लिए कुश्ती में मुरारी पहलवान ने भूरा को मात दी। तिरवाया के हरिओम और पलवल के जग्गा पहलवान के बीच मुकाबला रोचक रहा। आखिरी मुकाबला एक लाख रुपए के लिए हाथरस के हरकेश पहलवान और दिल्ली के हितेश पहलवान के मध्य हुआ। कुश्ती बराबरी पर रही। सचिव शशि पहलवान, संयोजक लाला पलवान सुभाष्, बालमुकुंद शर्मा, बाबा बलरामदास, नागेंद्र महाराज, श्रीगोपाल वशिष्ठ, कल्लू पहलवान, दया पहलवान, कृष्णा पहलवान, मयंक पहलवान, प्राणबल्लभ दुबे, विनीत शर्मा, प्रह्लाददास अग्रवाल आदि मौजूद थे।