मथुरा। सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस अधिकारियों ने विवेचना गोविंदनगर थाने से कोतवाली स्थानांतरित कर दी है। कोतवाली पुलिस मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
शनिवार को पुलिस ने पीड़िता के अश्लील वीडियो की जांच की। वीडियो की सत्यता, उसकी उपलब्धता और प्रकरण से संबंधित तथ्यों को लेकर पड़ताल की गई। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया है। विवेचना के दौरान अन्य साक्ष्यों और संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर दुष्कर्म पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने वाले आरोपियों पर कार्रवाई की जा सके। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।
ये था मामला
बिरला मंदिर चौकी क्षेत्र निवासी 12 वर्षीय किशोरी के साथ कॉलोनी के ही दो युवकों ने उसे कथित तौर पर अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जहां महिला पुलिसकर्मी ने किशोरी के परिजन से फीस के तौर पर पांच सौ रुपये मांगे थे। इसका भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।