मथुरा। सिंचाई अधिकारियों की टालमटोल कार्यप्रणाली से खपा किसानों ने किसान बंधु की बैठक में पहले हंगामा किया फिर बैठक को छोड़कर चले गए। इस दौरान सीडीओ और डीडीओ भी मौजूद रहे।
बृहस्पतिवार को राजीव भवन सभागार में सिंचाई बंधु की बैठक आयोजित की गई। सुभाष रावत की अध्यक्षता में आयोजित किसान बंधु की बैठक में सीडीओ नितिन गौड़ और डीडीओ रवि किशोर त्रिवेदी की मौजूदगी में किसानों ने बुखरारी रजबहा पर कब्जे का मुद्दा उठाया। अध्यक्षता कर रहे सुभाष रावत ने इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व की स्थिति से अवगत कराया।
यह भी बताया कि चार किलोमीटर तक यह रजबहा पूरी तरह से गायब हो गया है। कुछ स्थानों पर सिर्फ चिंह मौजूद हैं। सिंचाई अधिकारी सर्वे कर चुके हैं। किसानों ने कब्जा मुक्त के लिए शपथपत्र भी सिंचाई अधिकारियों को दे दिए हैं। इसके बावजूद सिंचाई अधिकारी कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। इस पर एक्सईएन अपर खंड आगरा और नोडल अधिकारी बच्चन सिंह ने कुछ किसानों द्वारा शपथपत्र न दिए जाने से इसमें प्रगति न होने की जानकारी दी। इससे किसान नाराज हो गए। कहा कि जमीन सिंचाई विभाग की है और किसानों से शपथपत्र लिए जा रहे हैं।
अधिकारी जानबूझकर इस समस्या का समाधान नहीं करना चाहते हैं। इससे आक्रोशित किसानों ने अध्यक्षता कर रहे सुभाष रावत सहित बैठक का बहिष्कार कर दिया। सभी सभाकक्ष से निकल आए। सीडीओ नितिन गौड़ ने कहा कि समस्या का समाधान कराया जाएगा।