वृंदावन। ब्रजभूमि इन दिनों भक्तिरस में सराबोर है। केली कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। पूरा आश्रम स्वर्ग जैसी दिव्यता से सजा हुआ है, जहां भक्ति की धारा प्रवाहित हो रही है। चारों ओर राधा नाम संकीर्तन की मधुर ध्वनि गूंज रही है।
संत प्रेमानंद महाराज के जन्मोत्सव के पदयात्रा में अनोखा अनुभव देखने को मिल रहा है। लोग महाराज की झलक पाने को आतुर हैं। संत के आगमन से पहले सड़क पर श्रद्धालुओं की भीड़ भजन-कीर्तन करने लगती है। वैसे तो संत हर रोज ही पदयात्रा करते हैं लेकिन जन्मोत्सव का साक्षी बनने के लिए लोगों का रेला देखने को मिल रहा है।
श्रद्धालु रंग-बिरंगे परिधानों में, हाथों में ध्वज और भक्ति भाव से ओत-प्रोत होकर महाराज को देखते हुए भी राधा राधा नाम जपने लगते हैं। वहीं श्री राधे हित केली कुंज आश्रम में भी कार्यक्रम उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पूरे आश्रम को सजाया गया है। महाराज से मिलने और संकीर्तन में आ रहे लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसका भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।