कोसीकलां में किक्रेट मैच में टॉस करते अति_थिगण।
कोसीकलां। श्रीरतिराम सरपंच की स्मृति में आयोजित 39वें अंतरराज्यीय कोसी आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट का चौथा लीग मैच बुधवार को खेला गया। केडी ट्रेवलर्स दिल्ली ने जयंत अकेडमी को दो विकेट से हरा दिया। बृहस्पतिवार को गाजियाबाद और जिंदल एकेडमी के मध्य मैच खेला जाएगा
हिन्दू इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित मैच का शुभारंभ भगवत ठाकुर ने टॉस उछाल कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। केडी ट्रेवलर्स दिल्ली ने जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी जयंत एकेडमी की टीम पावर प्ले के 6 ओवर में 42 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद संघर्ष कर रही थीं, बल्लेबाज साहिल दत्ता और प्रमोद चंदिला ने 77 रन की पार्टनरशिप कर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जयंत एकेडमी की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खो कर 150 रन ही बना सकी। तुषार गर्ग ने 3, कुलदीप ठाकुर ने 2, इंद्रेश ने 1 विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केडी ट्रेवलर्स की टीम का पहला विकेट शून्य के स्कोर पर गिर जाने के बाद धमाकेदार शुरुआत कर पांचवे ओवर में दो विकेट खो कर 62 रन बना दिए। गेंदबाजों ने पलटवार करते हुए लगातार अंतराल पर तीन विकेट चटकाकर मैच को रोमांचक बना दिया। एक समय केडी ट्रेवलर्स को 30 गेंद में 39 रन बनाने थे और 5 विकेट शेष थे। इसके बाद जयंत एकेडमी के गेंदबाजों ने 2 विकेट चटकाकर फिर मैच में वापसी की। केडी टीम को आखरी 12 गेंदों में 22 रन बनाने थे। टीम ने 2 गेंद शेष रहते मैच को 2 विकेट से जीत लिया। अरुण, भारत शर्मा और अभिषेक ने 2- 2 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच कुलदीप ठाकुर को दिया। अंपायरिंग रोहताश चौधरी और अनिल सागर, स्कोरिंग मयंक प्रताप और कमेंट्री दिनेश पुजारी और भुवनेश सांगवान ने की। संवाद