काशी विश्वनाथ मंदिर के महंत राजेंद्र प्रसाद तिवारी के सानिध्य में बाबा विश्वनाथ का सचल विग्रह मंगलवार को सुबह कान्हा नगरी में पहुंचा। कोटा-पटना ट्रेन से आए भक्तों के समूह का ब्रजवासियों और द ब्रज फाउंडेशन की टीम ने गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया। यहां से शोभायात्रा निकाली गई।
महंत राजेंद्र तिवारी ने बताया शिव के अश्वों से ही गोवर्धन में रुद्रकुंड बना था। इस कुंड का लोकार्पण बुधवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव करेंगे। समारोह में बाबा विश्वनाथ के सचल विग्रह की मौजूदगी अद्भुत क्षण का अनुभव कराएगी। बुधवार को सुबह 9 बजे जतीपुरा स्थित गंगाधाम से बाबा विश्वनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
इसमें बैंड-बाजे, घोड़े, अखाड़ों के चिह्न के मध्य कीर्तन मंडलियों की हरिनाम संकीर्तन की सुमधुर धुन पर काशीवासियों के साथ पालकी में सवार होकर बाबा विश्वनाथ पौराणिक रुद्रकुंड पर पहुंचेंगे। इस दौरान ब्रज फाउंडेशन के अध्यक्ष विनीत नारायण भी मौजूद रहे।