देशभर में आयकर विभाग की कार्रवाई से सराफा बाजार भी सहमा हुआ है। यहां खरीद और बिक्री के दौरान कारोबारी बेहद सतर्क हैं। सोने और चांदी की खरीद करने पर पूरी जानकारी मांगी जा रही है इस विवरण के मिलने के बाद ही डील हो रही है।
नोटबंदी के बाद आयकर विभाग के रडार पर सराफा बाजार है। इसके कई कारण भी हैं, मसलन इस बाजार में पुराने नोटों से सोने और चांदी की रिकॉर्ड बिक्री की गई। वाणिज्य कर कार्यालय के आंकड़े भी इस बात की पुष्टि कर रहे है। बहरहाल आयकर विभाग पूरे देश में सराफा कारोबारियों पर कार्रवाई को अंजाम दे रहा है।
आयकर विभाग के एक्शन से स्थानीय सराफा बाजार भी सहमा हुआ है। यहां आलम ये है कि कारोबारी आपस में खरीद-बिक्री के लिए आवश्यक जानकारी मांग रहे हैं। मसलन खरीद का पिछला रिकॉर्ड, पैन नंबर, टिन नंबर सहित समस्त पंजीकरण नंबरों का ब्यौरा मांगा जा रहा है। इतना ही नहीं शोरूमों पर आने वाले ग्राहकों से उनका पैन नंबर लिया जा रहा है।
आगरा में छापे से भी हड़कंप
आयकर विभाग ने आगरा में सराफा कारोबारी के यहां छापा मारा। इस खबर से भी मथुरा के सराफा बाजार में हड़कंप मचा हुआ है। आयकर विभाग ने गुरुवार को आगरा के बुलियन कारोबारी एसबी ऑर्नामेंट के दिल्ली और आगरा के करीब 11 ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की थी। दरअसल नोटबंदी के बाद जिन सराफा कारोबारियों ने सोने और चांदी की रिकॉर्ड बिक्री की थी, वो आयकर विभाग के रडार पर आ गए हैं। मथुरा में भी कई कारोबारियों ने रातों-रात सोने की रिकॉर्ड की थी। कारोबारी सूत्रों के अनुसार एसबी ऑर्नामेंट के मथुरा में भी बड़े कारोबारी लिंक है। यहां के कारोबारियों का इस फर्म से बड़ा लेन-देन होता था। आगरा में छापे के बाद यहां के कारोबारियों ने अपने कागजात दुरुस्त करने शुरू कर दिए हैं।