जवाहर बाग हिंसा की जांच करने के लिए न्यायिक आयोग के सचिव प्रमोद गोयल शुक्रवार देर शाम मथुरा पहुंच गए। अध्यक्ष मिर्जा इम्तियाज मुर्तजा शनिवार सुबह पहुंच रहे हैं। शनिवार से आयोग विधिवत रूप से अपनी जांच शुरू कर देगा। दिनभर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आयोग को दिए जाने वाले रिकार्ड को दुरुस्त करते रहें।
बता दें, गत दो जून को जवाहर बाग को कब्जाधारियों से खाली कराने के दौरान हुई हिंसा में एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी और थानाध्यक्ष फरह समेत 29 लोगों की मौत हो गई थी। इस पर सूबे की सियासत में बवाल मचा तो शासन नेे इसकी जांच के लिए न्यायिक आयोग का गठन किया था। न्यायिक आयोग के अध्यक्ष हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश मिर्जा इम्तियाज मुर्तजा हैं जबकि सचिव मथुरा में जनपद न्यायाधीश रह चुके रिटायर्ड जज प्रमोद गोयल हैं।
आयोग छह बिंदुओं पर अपनी जांच पूरी कर शासन को रिपोर्ट देगा। इनमें पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की भूमिका, जवाहर बाग खाली कराने के लिए की गई प्लानिंग और आपरेशन में हुई चूक, शासन को समय-समय पर भेजी गई प्रशासन की रिपोर्ट आदि बिंदु शामिल हैं। जवाहर बाग आपरेशन में शामिल रहने वाले अधिकारियों के भी बयान होंगे। एसपी सिटी के साथ मौजूद अधिकारियों से भी आयोग के सदस्य पूछताछ करेंगे।
प्रशासन ने भी जांच आयोग के लिए तैयारियां कर ली हैं। अब तक की जाने वाली कार्रवाई पर पूरी रिपोर्ट तैयार कर ली है। जवाहर बाग से बरामद असलहा के साथ दूसरे सामान की भी लिस्ट बना ली गई है। जांच करने के बाद रिपोर्ट आयोग को सौंपी जाएगी।
अपील: आपके पास कोई साक्ष्य है तो आयोग को दीजिए
जवाहर बाग हिंसा से जुड़ा कोई साक्ष्य अगर आपके पास है तो आयोग को सौंपिए। किसी प्रकार की रिकार्डिंग कोई फोटो हो तो आयोग को दिया जा सकता है। कोई भी व्यक्ति आयोग के के समक्ष पेश होकर अपनी बात रख सकता है। सूचनाएं देने वालों का नाम और पता पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा।