राज्य सरकार की ओर से जवाहर बाग प्रकरण के संबंध में गठित एक सदस्यीय जांच आयोग के अध्यक्ष पूर्व न्यायाधीश मिर्जा इम्तियाज मुर्तजा 25 जुलाई को मथुरा आ रहे हैं। वो यहां दो दिन प्रकरण की सुनवाई करेंगे।
जांच आयोग के सचिव सेवानिवृत्त जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश प्रमोद कुमार गोयल के अनुसार आयोग के अध्यक्ष 25 और 26 जुलाई को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में प्रवास करेंगे।
वो यहां शिविर कार्यालय में बैठक, सुनवाई कर घटना के कारण, पुलिस की कार्ययोजना, अधिकारियों की भूमिका की जांच और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के संबंध में आवश्यक सुझाव देने पर कार्रवाई करेंगे।
कोई भी व्यक्ति या समूह, संस्था घटना के संबंध में जानकारी शपथ पत्र पर लिखित में उपलब्ध करा सकती है। साक्ष्य भी दिए जा सकते हैं। किसी की पहचान उजागर नहीं की जाएगी।