राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान में उपयोग की जाने वाली वैक्सीन की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। इसके लिए इलेक्ट्रानिक वैक्सीन इंटेलीजेंस नेटवर्क की व्यवस्था की गई है। इसमें अगर कोल्ड स्टोर का तापमान मानक से कम या ज्यादा होता है तो इसका मैसेज सभी उच्च अधिकारियों के मोबाइल पर जाएगा।
इलेक्ट्रानिक वैक्सीन इंटेलीजेंस नेटवर्क के तहत वैक्सीन कोल्ड स्टोर सहित सभी 13 कोल्ड चेन प्वाइंट पर 36 टेंपरेचर लॉगर लगाए हैं। ऐसे में जब भी मानकों से कम या ज्यादा तापमान होगा तो अलार्म बज उठेगा, इतना ही नहीं सभी उच्च अधिकारियों के मोबाइल पर मैसेज भी जाएगा।
शनिवार को मुख्य कोल्ड स्टोर पर टेंपरेचर लॉगर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विवेक मिश्रा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लॉगर लगने के बाद बच्चों ओर महिलाओं को लगने वाले टीकों की गुणवत्ता पर बेहतर निगरानी हो सकेगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एके गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. दिलीप कुमार, डिप्टी सीएमओ डा. मधुर कुमार, वैक्सीन कोल्ड चेन मैनेजर मनीष कुमार गुप्ता, एमपी सिंह, त्रिभुवन शर्मा, अनुराग शुक्ला, हरी सिंह आदि मौजूद थे।