नौहझील। थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार देर रात नोएडा से आगरा जा रही एक जीप (कम्पास कार) में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कार में सवार तीन युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग के कारण गाड़ी पूरी तरह से जल गई।
पुलिस के अनुसार घटना रात करीब सवा 11 बजे यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन-70 गांव पारसौली के पास हुई। एक्सप्रेसवे के कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अंजीश कुमार और उपनिरीक्षक हरेंद्र तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना पुलिस ने बताया कि जीप (कम्पास) में सवार स्लाइड कॉलोनी, नई दिल्ली निवासी गुरुजीत सिंह, दलवीर सिंह और जसवीर सिंह आगरा स्थित गुरुद्वारे में दर्शन करने जा रहे थे। रास्ते में अचानक गाड़ी से तेज आवाज आई। पहले उन्हें लगा कि टायर में कोई खराबी आई है। जैसे ही उन्होंने गाड़ी रोककर नीचे उतरने का प्रयास किया वैसे ही स्टेयरिंग और आगे के दरवाजे लॉक हो गए। युवकों ने आनन-फानन पीछे के दरवाजे खोले और बाहर निकल आए। कुछ ही देर में पूरी गाड़ी में आग फैल गई।
युवकों ने घटना की सूचना तत्काल यमुना एक्सप्रेसवे कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जल गई। पुलिस ने जली हुई गाड़ी को सड़क से हटवाकर किनारे खड़ा कराया, जिससे यातायात प्रभावित न हो। सीओ अमरनाथ यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट के चलते गाड़ी में आग लगना प्रतीत हो रहा है। हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई।