मथुरा जंक्शन होते हुए जम्मू जाने वाली कोटा-उधमपुर एक्सप्रेस (20985), झेलम एक्सप्रेस (11077) ट्रेन को बुधवार को निरस्त किया है। इसके साथ ही कई अन्य ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया गया है।
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण तबाही मची है। कटरा में माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग के पास भूस्खलन होने से जम्मू जाने वाली ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है। रेलवे ने बारिश के कारण जंक्शन से होते हुए जम्मू जाने वाली 9 ट्रेनों में बदलाव किया है। इसमें रेलवे ने बुधवार को 3 ट्रेनों को रद्द कर दिया, वहीं पांच ट्रेनों को बीच में ही रोक दिया है।
विज्ञापन
रेलवे अधिकारियों ने बताया बारिश के कारण जम्मू में भूस्खलन होने से रेलवे यातायात पर प्रभाव पड़ा है। मथुरा जंक्शन होते हुए जम्मू जाने वाली कोटा-उधमपुर एक्सप्रेस (20985), झेलम एक्सप्रेस (11077) ट्रेन को बुधवार को निरस्त किया है। इसके अलावा अंडमान एक्सप्रेस (16031) को 28 अगस्त को निरस्त किया है। इस ट्रेन से जाने वाले यात्रियों को भी लगातार उद्घोषणा करके बताया गया है।
तिरुनेलवेली-श्री माता वैष्णो देवी, पुणे जम्मू तवी, अंडमान एक्सप्रेस, दुर्ग-उधमपुर स्पेशल सुपरफास्ट, डॉ. आंबेडकर नगर-कटरा को आंशिक रूप से अलग-अलग रूटों पर रोक दिया है। कई ट्रेनें मथुरा जंक्शन से निकलने के बाद दिल्ली स्टेशन पर रोकी गई हैं। उधर, जंक्शन पर जम्मू जाने वाली ट्रेनों में सफर करने वाले 160 यात्रियों ने रिजर्वेशन निरस्त कराए हैं। रेलवे पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि कठुआ-माधोपुर पंजाब डाउन लाइन की कुछ ट्रेनों को निरस्त किया गया है और कुछ को अगले स्टेशन पर रोक दिया गया है।