कोसीकलां (मथुरा)। मोहल्ला निकासा के निकट एक मौलाना ने इलाके का नाम मदीना नगर रख दिया। कार्यक्रम के पर्चे में नाम सामने आने पर इसका खुलासा हुआ तो खलबली मच गई। नगर पालिका प्रशासन ने मौलाना को नोटिस भेजकर सात दिन में जवाब मांगा है।
मोहल्ला निकासा के एक क्षेत्र में मदरसा इस्लामिया अरबिया दारुल उलूम द्वारा पिछले माह 17 फरवरी को एक जलसे का आयोजन किया गया था। आरोप है कि आयोजक मदरसे के मौलाना ताहिर ने आयोजन स्थल का नाम पर्चे में मदीना नगर रख दिया। इसी के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया। आयोजन के दौरान यह पर्चा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
लोगों ने मौलाना द्वारा रखे गए मदीना नगर नाम पर आपत्ति जताई। इस पर नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हो गया। उन्होंने बुधवार को मौलाना को कारण बताओ नोटिस थमा दिया। इसके बाद उन्होंने एसडीएम छाता एवं थाना पुलिस को भी इस बाबत आवश्यक कार्रवाई संबंधित पत्र भेजा है। नगर पालिका ईओ निहाल सिंह ने नाम रखने वाले मौलाना ताहिर से सात दिन में इसका जवाब मांगा है। नोटिस में कहा गया है कि नगर पालिका क्षेत्र में इस नाम की कोई कॉलोनी अथवा मार्ग नही है। फिर किस आधार पर मदीना नगर का प्रयोग प्रचार सामग्री में किया गया है।
बताते चलें कि दस माह पूर्व पंजाबी बाजार के नाम को बदलकर एक दुकानदार ने उसका नाम इस्लामिक बाजार कर दिया था। इस पर हंगामा हुआ था। पुलिस ने दुकान पर छापा मारकर 25 किलोग्राम कैरी बैग जब्त कर दुकान को बंद करा दिया। साथ ही दुकानदार का चालान कर दिया।