मथुरा। गणेशरा रोड पर स्थित करीब 50 करोड़ की लागत से बना छह मंजिला अशोका हाइट्स अपार्टमेंट कई मामलों को लेकर जांच के घेरे में है। भवन के निर्माण और नक्शे को लेकर मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के अधिकारी जांच कर रहे हैं तो सिंचाई विभाग ने अवैध कब्जे पर निर्माण के चलते चिह्नांकन करते हुए बिल्डिंग पर निशान लगाया है। अग्निशमन विभाग को भी नोटिस चस्पा करने के बाद की गई जांच में कमियां मिली हैं। उधर, अपार्टमेंट में रह रहे लोगों ने भी बिल्डर पर सुविधाएं न देने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की है।
प्रदेश सरकार की सख्ती के बाद सरकारी महकमे अलर्ट मोड़ में हैं। शिकायतों के निस्तारण और सरकारी जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने में काम तेजी से हो रहा है। इसी के तहत गणेशरा रोड पर बना जेएसआर ग्रुप का अशोका हाइट्स अपार्टमेंट भी जांच के घेरे में आ गया है। छह मंजिला अपार्टमेंट में 156 फ्लैट हैं। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण को मिली शिकायत में बताया गया कि अपार्टमेंट में 72 फ्लैट का ही नक्शा पास किया गया है। लिफ्ट खराब हैं, सुरक्षा व्यवस्था नहीं है, फायर सिस्टम नहीं है। तीन दिन पूर्व एमवीडीए की टीम ने अपार्टमेंट में जांच की और स्थानीय निवासियों से बयान लिए। लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं।
इसी तरह सिंचाई विभाग ने मथुरा स्कैप पर किए गए अवैध कब्जे की जांच की तो अशोका हाइट्स अपार्टमेंट भी दायरे में आ गया। टीम ने अपार्टमेंट पर निशान लगाया है। अग्निशमन विभाग ने पहले अपार्टमेंट में नोटिस चस्पा किया और बाद में मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रमोद शर्मा ने जांच की तो उन्हें कमियां मिली हैं। अपार्टमेंट में रह रहे लोगों ने डीएम से की शिकायत में सोसाइटी के रजिस्ट्रेशन को फर्जी बताते हुए जांच की मांग की है।
शिकायतें सही मिलने पर होगी कार्रवाई
शिकायतों के आधार पर टीम जांच के लिए अशोका हाइट्स अपार्टमेंट में गई थी। जांच रिपोर्ट अभी मिी नहीं है। रिपोर्ट में शिकायतें सही मिलने पर बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बिल्डिंग के निर्माण को लेकर जो आरोप लगाए गए हैं उनकी कागजों के आधार पर जांच की जाएगी।
- नागेंद्र प्रताप सिंह, एमवीडीए उपाध्यक्ष
अवैध कब्जा ध्वस्त कराएंगे
मथुरा स्कैप में सिंचाई विभाग की जमीन पर जहां-जहां कब्जा किया गया है वहां निशान लगा दिए गए हैं। अशोका हाइट्स पर भी निशान लगाया है, जो भी अवैध कब्जा है उसे ध्वस्त कराया जाएगा।
- बच्चन सिंह, एक्सईएन सिंचाई विभाग
जांच में कुछ कमियां मिली हैं
अशोका हाइट्स में नोटिस चस्पा करने के बाद जांच की गई थी। कुछ कमियां मिली हैं। बिल्डिंग का कुछ रिकार्ड नहीं मिला है। रिकार्ड तलाशा जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद बिल्डर को नोटिस जारी किया जाएगा, जवाब संतोषजनक न होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- प्रमोद शर्मा, जिला अग्निशमन अधिकारी
जमीन के कागज मौजूद हैं
अशोका हाइट्स को तैयार हालत में खरीदा था। जिस समय बिल्डिंग ली गई थी उस समय जमीन को लेकर कोई विवाद नहीं था। जमीन के कागज मौजूद हैं। सिंचाई विभाग ने निशान लगाया है। जमीन और निर्माण के कागज एमवीडीए और सिंचाई विभाग को उपलब्ध करा देंगे। अपार्टमेंट में रह रहे लोगों का आपस में विवाद है इसलिए शिकायतें कर रहे हैं।
- जयंती प्रसाद अग्रवाल, डायरेक्टर जेएसआर ग्रुप