राजकुमार अग्रवाल, एसपी सुरक्षा
- फोटो : mathura
मथुरा। भगवान कृष्ण की नगरी में बिना उनकी कृपा की किसी की पोस्टिंग नहीं होती है। उनकी पोस्टिंग तो जन्मस्थान के पहरेदार के रूप में हुई है। 25 साल की नौकरी में उनका सौभाग्य है कि उन्हें मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान की सुरक्षा की जिम्मेदारी मिली है।
1999 बैच के पीपीएस अधिकारी राजकुमार अग्रवाल ने रविवार को एसपी सुरक्षा का चार्ज ग्रहण किया। चार्ज ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधीनस्थों से मुलाकात की। औपचारिक मुलाकात में उन्होंने सभी का परिचय प्राप्त किया। अमर उजाला से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि हमीरपुर के रहने वाले हैं सबसे पहली पोस्टिंग हापुड़ में हुई थी। इसके बाद 3 साल तक बरेली में एसपी देहात, कानपुर में एसपी सिटी के पद पर ढाई साल, प्रतापगढ़, लखनऊ और फिर बरेली में तैनाती मिली। बरेली से उनका मुख्यालय स्थानांतरण हो गया। अब मुख्यालय ने उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी है।