बीसीसीआई की ओर से आईपीएल फाइनल मुकाबले के लिए देश भर में बनाए जा रहे फैन पार्क के लिए मथुरा को चुने जाने के बाद क्रिकेट प्रेमियों में खुशी का माहौल है। फैन पार्क के लिए केआर डिग्री कालेज खेल मैदान का चयन कर लिया गया है।
बीसीसीआई आईपीएल का रोमांच बढ़ाने के लिए देश के 36 शहरों में क्रिकेट फैन पार्क बना रही है। इनमें मथुरा को भी चुना गया है। इस कार्य के लिए बीसीसीआई ने डीएनए इंटरनेशनल नेटवर्क लिमिटेड को अधिकृत किया है। मथुरा में आईपीएल का 29 मई को होने वाला फाइनल मैच क्रिकेट प्रेमियों को दिखाने की तैयारी है।
डीएनए इंटरनेशनल नेटवर्क की टीम ने मथुरा में वेटरनेरी खेल मैदान और केआर डिग्री कालेज मैदान का निरीक्षण कर स्वीकृति प्रदान की थी। इस पार्क में पांच हजार से अधिक लोगों को निशुल्क लाइव फाइनल मैच दिखाया जाएगा।
इसमें 32 फुट वाई 18 फुट की बड़ी एलईडी स्क्रीन लगायी जाएगी। वहीं चौके और छक्कों पर म्यूजिक की धुन सुनाई देगी। यूपीसीए के कन्वीनर कमल चावला ने बताया क्रिकेट फैन पार्क के लिए केआर डिग्री खेल मैदान की स्वीकृति मिल गई है।