रिफाइनरी की पाइप लाइनों में सेंध लगाकर करोड़ों का तेल चोरी करने के मामले में रिफाइनरी कर्मचारियोें की मिलीभगत से अधिकारी पल्ला झाड़ रहे हैं। फिर भी लाइनों में सेंध लगाकर तेल चोरी के मामले कम नहीं हो रहे। ऐसे में इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी) की विजिलेंस टीम ने मथुरा में डेरा डाल लिया है। टीम के लोगों ने लाइन सुरक्षा और ऑपरेटिंग में लगे लोगों से पूछताछ की।
टीम के लोगों ने रिफाइनरी की मुंबई की ब्रजवासिन मथुरा जालंधर, मथुरा भरतपुर, मथुरा टूंडला और आसपास के इलाकोें से गुजर रही लाइन के नक्शे जुटाए। पंपहाउस के ऑपरेटर, लाइन के वॉचमैन, पेट्रोलिंग मैन और तेल प्रेसर मीटर रीडर आदि की जानकारी की। इस संबंध में छह से अधिक कर्मचारियों से पूछताछ की गई।
दूसरी ओर रिफाइनरी पाइप लाइन डिवीजन के नोएडा कार्यालय से आई टीम ने तेल पाइप लाइन में अब तक हुई सेंधमारी के मामले जुटाए। कर्मचारियों के नामों की सूची भी ली। डिवीजन के टेस्टिंग एंड इन्वेस्टिंग प्रबंधक सुमन टट्टू ने बताया कि आईओसी के अधिकारी लगातार पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं। पुलिस अधिकारियोें ने पूर्व में हुई घटनाओं की जानकारी मांगी थी, वह दे दी गई है। एसपी सिटी शैलेश पांडेय ने बताया कि इस मामले में अब तक आधा दर्जन लोगों से पूछताछ की गई है। लाइन में सेंध लगाने वाले दो ग्रुप चिन्हित किए हैं। उनके बारे में पुख्ता जानकारी जुटाई जा रही है।