मथुरा। हाईवे पुलिस ने सोमवार देर रात अंतरजनपदीय शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से चोरी की ९ बाइक बरामद की र्हुइं। चोर के खिलाफ जनपद की तीन थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता में बताया कि प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल, एसआई योगेश कुमार और एसआई रिंकू कुमार ने अंतरजनपदीय वाहन चोर को भरतपुर तिराहा से दबोचा है। पकड़ा गया वाहन चोर राम उर्फ रामू उर्फ राजेश निवासी ग्रीन विलो स्कूल के पीछे रजत विहार कॉलोनी मकान नंबर 82/84 आनंदवन, हाईवे है। इसके कब्जे से चोरी की ९ बाइक बरामद की गई हैं।
ये जनपद से ही चुराई गईं थीं। सीओ रिफाइनरी हर्षिता सिंह ने बताया कि जनपद में बाइक चुराकर यह ५ से ७ हजार रुपये में बेच दिया करता था। ये बाइक थाना रिफाइनरी, शहर कोतवाली और थाना सदर बाजार से चुराई गई हैं। इसके साथियों की भी तलाश की जा रही है। इसके खिलाफ दर्ज अन्य आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।