हाथियों की याद में बने स्मारक को देखती इंटरनेशनल स्टेज निर्देशक कैरोलिन क्लेग।
फरह। यूके की प्रशंसित अंतरराष्ट्रीय स्टेज निर्देशक और वाइल्डलाइफ एसओएस की समर्थक रहीं कैरोलिन क्लेग ने आगरा और मथुरा में संस्था के संरक्षण केंद्रों में तीन दिवसीय दौरा किया।
वाइल्डलाइफ एसओएस के केंद्रों का पहली बार दौरा करते हुए कैरोलिन ने आगरा भालू संरक्षण केंद्र, हाथी संरक्षण और देखभाल केंद्र और हाथी अस्पताल परिसर में टीम के साथ मिलकर काम किया और भालू और हाथियों को बचाने और उनकी रक्षा करने के संस्था के मिशन की गहन समझ हासिल की। उन्होंने भालू और हाथी की देखभाल के बारे में जाना और विभिन्न केंद्रों में स्वयंसेवक गतिविधियों में भाग लिया। आगरा भालू संरक्षण केंद्र में कैरोलिन ने देखभालकर्ताओं के साथ बाड़ों की सफाई जैसे कार्यों में सहायता की और बचाए गए भालुओं की दैनिक दिनचर्या का अवलोकन किया।
इसके बाद उन्होंने फरह स्थित हाथी संरक्षण एवं देखभाल केंद्र में भी समय बिताया। यहां उन्होंने फल काटने, हाथियों के लिए गन्ना काटने और अन्य स्वयंसेवी गतिविधियों में भाग लिया। अपने अनुभव के बारे में बताते हुए कैरोलिन ने कहा कि यहां का मेरा अनुभव सचमुच जीवन बदल देने वाला रहा है। मैं जीवन भर जानवरों के संरक्षण के लिए अभियान चलाती रही हूं, लेकिन वाइल्डलाइफ एसओएस में जमीनी स्तर पर हो रहे काम को देखना ब्रिटेन की किसी संस्था का समर्थन करने से बिलकुल अलग है।
वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ, कार्तिक सत्यनारायण ने कहा कि कैरोलिन का समर्थन और संरक्षण के प्रति उनकी सच्ची प्रतिबद्धता को दर्शाता है। संवाद