वृंदावन। श्री बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से प्रस्तावित रेलिंग लगाने की योजना फिलहाल जन विरोध के चलते अटक गई है। इस संबंध में लिया निर्णय श्री बांकेबिहारी मंदिर प्रबंधन हाई पावर्ड कमेटी की बैठक में फिलहाल टाल दिया है।
मंदिर की हाईपावर्ड कमेटी की पिछली बैठक में विद्यापीठ चौराहे से श्री बांकेबिहारी मंदिर तक मार्ग के किनारे रेलिंग लगाने की बात कही थी। इसका उद्देश्य था कि मंदिर क्षेत्र में बढ़ती भीड़ के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनी रहे और वाहनों के संचालन की भी व्यवस्था रहे। प्रस्ताव के तहत मार्ग पर रेलिंग लगाकर पैदल श्रद्धालुओं और वाहनों के लिए अलग-अलग रास्ता तय करने की योजना थी, ताकि त्योहारों और भीड़भाड़ के समय अव्यवस्था की स्थिति को रोका जा सके।
हालांकि इस योजना को लेकर स्थानीय दुकानदारों और निवासियों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि रेलिंग लगने से रास्ता संकरा हो जाएगा और दुकानों तक पहुंचने में दिक्कत होगी। व्यापार पर भी असर पड़ सकता है। इसी जन विरोध के चलते फिलहाल कार्य को शुरू नहीं किया जा सका है। अब इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय कमेटी की आगामी बैठक में लिया जाएगा। हाईपावर्ड कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि रेलिंग पर फैसला अभी नहीं हुआ है। सभी लोगों से बात करने और व्यावहारिक समस्या को दूर करने के बाद ही काम किया जाएगा।