वृंदावन (मथुरा)। केंद्रीय संस्कृति व पर्यटन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार प्रह्लाद सिंह पटेल गुरुवार को सपरिवार वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने वृंदावन शोध संस्थान का निरीक्षण किया। केंद्रीय मंत्री ने संस्थान में चल रहे शोध कार्यों के विषय में जानकारी प्राप्त की। पत्रकारों से बातचीत के दौरान संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ने ब्रज में पर्यटन को बढ़ावा देने का भी भरोसा दिलाया।
पर्यटन मंत्री पटेल ने शोध संस्थान में संग्रहालय, ग्रंथालय, प्राचीन पांडुलिपियों एवं लाइब्रेरी का भ्रमण किया। शोध संस्थान के डायरेक्टर सतीश दीक्षित से उन्होंने संस्थान के विषय में बात की और वहां चल रहे शोध कार्यों, पांडुलिपियों के रखरखाव आदि के बारे में जानकारी हासिल की।
ब्रज के विकास को लेकर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रसाद योजना व कृष्णा सर्किट के जरिए ब्रज का विकास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ब्रज के विकास से संबंधित जो भी प्रस्ताव आएंगे, उस पर विचार करने के साथ ही तेजी से कार्य भी किया जाएगा। ब्रज में पर्यटकों की सुरक्षा पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पर्यटन केवल सरकार की ही नहीं बल्कि हर व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। अत: हर व्यक्ति को देशी विदेशी अतिथियों से अच्छे से व्यवहार करना चाहिए।
इसके बाद मंत्री ने बांकेबिहारी जी के दर्शन व पूजन किया। शोध संस्थान के डायरेक्टर सतीश दीक्षित, जिला पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा, पं. उदयन शर्मा, जनार्दन शर्मा, संजय गोविल, मुकेश गौतम, राजनारायण द्विवेदी, छैलबिहारी शर्मा, राजेश शर्मा, सुकुमार गोस्वामी, रजत शुक्ला, डॉ. ब्रजभूषण चतुर्वेदी, चंद्रप्रकाश द्विवेदी आदि लोग उपस्थित थे।