मथुरा। रेलवे जंक्शन पर शनिवार को ट्रेन के इंतजार में खड़े यात्री। संवाद
- फोटो : mathura
मथुरा। अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस (12953) शनिवार सुबह 7:50 बजे पर जंक्शन के प्लेटफार्म 5 पर पहुंची। ट्रेन 2 मिनट के ठहराव के बाद जैसे ही चली, तभी इंजन से धुआं निकलने लगा। लोको पायलट ने उतरकर देखा तो इंजन फेल हो गया था। इस दौरान ट्रेन दो घंटे तक खड़ी रही। बाद में दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को रवाना किया गया।
स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि मुंबई से निजामुद्दीन तक 1377 किलोमीटर का सफर तय करनी वाली अगस्त क्रांति का इंजन सुबह फेल हो गया। दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। ऐसे में जब इंजन से धुआं निकला तो लोको पायलट से उतरकर जांच की। इस दौरान इसके पीछे आने वाली महाकौशल, निजामुद्दीन एक्सप्रेस को दूसरे प्लेटफार्म से रवाना किया गया।
स्टेशन निदेशक एनपी सिंह ने बताया कि रेलवे अधिकारियों को जानकारी देने के बाद दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन दो घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। ऐसे में कई यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
कई यात्री दूसरी ट्रेन से हुए रवाना
ट्रेन के इंजन फेल होने से जंक्शन से दिल्ली जाने वाले 130 से अधिक यात्री दूसरे ट्रेन से रवाना हुए। यात्रियों का कहना था कि रेलवे अधिकारियों ने 30 मिनट का बोलकर डेढ़ घंटे से अधिक समय लगा लिया। ऐसे में कई दिल्ली नौकरी करने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।