मथुरा। बार एसोसिएशन ने जमीनी मामले में पद का दुरुपयोग करने वाले अधिवक्ता को बार की सदस्यता से निष्कासित किया है।
बार के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने बताया कि गोवर्धन निवासी मनमोहन सिंह ने 24 जून को बार एसोसिएशन के कार्यालय में अधिवक्ता इंद्रभूषण कौशिक के खिलाफ शिकायती पत्र दिया। इसमें पीड़ित ने अधिवक्ता और उसके साथियों पर विवादित जमीन बेचने और जमीन खरीदने के लिए दिए 40 लाख रुपये लौटाने पर जानलेवा हमले की शिकायत की। बार ने अधिवक्ता को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। अधिवक्ता इंद्रभूषण कौशिक ने नोटिस में लगे आरोपों का सही जवाब नहीं दिया।
इसलिए बृहस्पतिवार को अधिवक्ता इंद्रभूषण कौशिक को बार की सदस्यता से निष्कासित किया है। बार सचिव शिव लवानियां ने बताया कि इंद्रभूषण कौशिक को 2017-18 में पद का दुरुपयोग करने पर भी नोटिस दिया था। 2019 में बार एसोसिएशन के जारी वकालतनामों पर अपनी मुहर लगाकर अत्यधिक धन वसूली के आरोप में तत्कालीन अध्यक्ष व सचिव ने इंद्रभूषण कौशिक का निष्कासन किया था। संवाद
अधिवक्ता और उसके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मथुरा। गोवर्धन में जमीन के विवाद में पीड़ित के साथ मारपीट करने के मामले में अधिवक्ता और उसके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। अधिवक्ता के प्रभाव के चलते पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप भी लगाया है। पीड़ित ने बार एसोसिएशन से इसकी शिकायत की। बार एसोसिएशन ने बृहस्पतिवार को अधिवक्ता को बार की सदस्यता से निष्कासित कर दिया।
गोवर्धन के डीग अड्डा निवासी मनमोहन सिंह ने 23 जून को गोवर्धन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि नीमगांव निवासी महेश कौशिक, महमदपुर निवासी इंद्रभूषण उर्फ इंदु और नीमगांव के पीसी कौशिक से अपने पार्टनर बांकेबिहारी के साथ मिलकर 600 वर्ग गज जमीन 43 लाख रुपये में खरीदी। 22 जून को उनके पार्टनर के मोबाइल पर महेश ने फोन किया और दोनों को बरसाना रोड स्थित अपनी खाद बीज की दुकान पर बुलाया। यहां महेश और इंद्रभूषण अपने साथियों के साथ बैठे थे। गाली-गलौज कर महेश ने पिस्टल से फायर कर दिया। वह बाल-बाल बचे। एसपी देहात सुरेश चंद रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद