फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: भारत पारमार्थिक जीवन के संतुलन से बनेगा विश्व गुरु

विज्ञापन
संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले, जीएलए के कुलाधिपति नारायणदास अग्रवाल एवं अन्य। 
विज्ञापन
वृंदावन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबले ने कहा है कि आज पूरी दुनिया में अशांति और अराजकता का माहौल है। परिवार टूट रहे हैं और लोगों के बीच द्वेष की भावना बढ़ रही है। इस संकट के दौर में दुनिया को सही दिशा दिखाने की शक्ति केवल भारत में है। भारत को केवल आर्थिक रूप से वैभवशाली नहीं बनाना है, बल्कि लौकिक एवं पारमार्थिक जीवन का संतुलन बनाकर धर्म, शील और चरित्र का उदाहरण दुनिया के सामने रखना है।
विज्ञापन

वे बुधवार को केशवधाम में आयोजित गोवर्धन पूजा महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दुनिया के अर्थशास्त्री भले ही 21वीं सदी को भारत की आर्थिक सदी मान रहे हों, लेकिन भगवान श्रीकृष्ण का संदेश है कि जीवन के उल्लास को आनंद के साथ जीते हुए भी धर्म के मार्ग पर चला जा सकता है। आज आवश्यकता ऐसे समाज के निर्माण की है, जो दुनिया को दिखाए कि लौकिक और पारमार्थिक जीवन का संतुलन कैसे साधा जाता है। केशवधाम जैसे सैकड़ों प्रकल्प देश में इस दिशा में कार्य कर रहे हैं।
मानवजाति आज किमकर्तव्यविमूढ़ की स्थिति में खड़ी है। ऐसे में भारतीय संस्कृति, परंपराएं, आचरण, पर्व और तीर्थ पूरी मानवता को रास्ता दिखा रहे हैं। भारत के विश्वगुरु बनने का अर्थ किसी अंतरराष्ट्रीय संस्था या संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा कोई सर्टिफिकेट पाना नहीं है, बल्कि दुनिया का भारत के जीवन मूल्यों, चिंतन और आचरण से प्रेरणा लेना है। हजारों वर्षों से हमारे संतों, ऋषियों और राजाओं ने बिना किसी लालच के पूरी दुनिया को संस्कृति का पाठ पढ़ाया है।
विज्ञापन

भारतीय संस्कृति और पश्चिमी देशों के इतिहास में बड़ा अंतर बताते हुए उन्होंने कहा कि जहां एक ओर प्राचीन काल में दक्षिण भारत के राजाओं (कंबोडिया/कंपूचिया का उदाहरण देते हुए) ने विदेशों में जाकर लोगों को वस्त्र पहनने और सभ्यता सिखाई, वहीं कोलंबस और वास्कोडिगामा जैसे लोगों ने अमेरिका और भारत जैसी जगहों पर जाकर शोषण, लूटपाट और हिंसा की। भारत ने कभी किसी देश को गुलाम नहीं बनाया और न ही किसी की संपदा लूटी लंका विजय के बाद भी लंकापति रावण के भाई विभीषण को राज सौंपा। कंस जैसी ताकतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब-जब दुनिया में दादागिरी और अन्याय का प्रयास हुआ, तब-तब भारत की परंपरा ने उसका प्रतिकार किया।
समाज को एकजुट रहने का संदेश देते हुए सर कार्यवाह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में परमात्मा का अंश है, इसलिए समाज में ऊंच-नीच और छुआछूत का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। अपने स्वार्थ के लिए समाज को बांटने वाली ताकतों से सभी को सजग रहना होगा। समाज के उत्थान के लिए सावधानी, सेवा और कर्तव्य-भाव बेहद जरूरी है, तभी हम दुनिया के सामने एक श्रेष्ठ भारत का उदाहरण प्रस्तुत कर सकेंगे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें