मथुरा। गर्मी की छुट्टियों, अधिकमास और पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते मथुरा जंक्शन पर यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की है। स्टेशन पर प्रतिदिन आने-जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने से टिकटों की बिक्री में इजाफा हुआ है।
सामान्य दिनों में मथुरा जंक्शन से प्रतिदिन करीब 23 से 25 हजार टिकटों की बिक्री होती थी। इन दिनों यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण आठ से 10 हजार अतिरिक्त टिकट प्रतिदिन बिक रहे हैं। इससे टिकट बिक्री का आंकड़ा बढ़कर 31 से 35 हजार तक पहुंच गया है। स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ-साथ स्थानीय, समर स्पेशल और इंटरसिटी ट्रेनों में भी यात्रियों की संख्या बढ़ी है।
टिकट काउंटरों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जबकि अनारक्षित टिकटों की मांग में भी वृद्धि हुई है। प्लेटफॉर्म और प्रतीक्षालय में भी यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक बनी हुई है। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर खोया पाया शाखा, मेडीकल सहित अन्य सेवाओं के लिए निर्देश दिए गए हैं।