मथुरा। मंडलायुक्त आगरा मंडल शैलेंद्र सिंह ने बुधवार को मथुरा के कलेक्ट्रेट सभागार में मंडल के चारों जिलों के डीएम और सीडीओ के साथ योजनाओं की समीक्षा की। पीएम सूर्यघर योजना, सीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन और नई सड़कों के निर्माण समेत कई योजनाओं में सभी जिलों की प्रगति खराब मिली। मंडलायुक्त ने इसमें सुधार के निर्देश दिए हैं।
मैनपुरी, आगरा और फिरोजाबाद के डीएम और सीडीओ को मंडलीय समीक्षा बैठक के लिए बुधवार को मथुरा बुलाया गया। यहां मंडलायुक्त शैलेंद्र सिंह ने जब समीक्षा शुरू की तो योजनाओं में सभी जिलों की हालत खराब मिली। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजनाओं की खराब प्रगति और सीएम आवास योजनाओं में चारों जिलों के सी ग्रेड पर में होने पर सुधार करने के निर्देश दिए। वहीं जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, पंचायती राज, मध्याह्न भोजन में विद्यार्थियों की उपस्थिति में भी खराब स्थिति देखने को मिली।
मंडलायुक्त ने सभी डीएम और सीडीओ को निर्देश दिए गए कि निचले स्तर पर कार्य करने वाले मनरेगा मजदूर, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक और कंप्यूटर ऑपरेटर आदि का मानदेय समय से दिया जाए। पंचायती राज में 15वां और 5वां वित्त आयोग की योजना में धनराशि की उपयोगिता पर लगातार प्रयास किया जाए।
लोक निर्माण विभाग द्वारा सेतु और सड़क निर्माण में भी चारों जिलों की स्थिति खराब रही। नई सड़कों के निर्माण की अगर बात करें तो मथुरा में अनुमति न मिलने के कारण 3-4 जगहों पर कार्य नहीं हो पा रहा है। इस पर उन्होंने डीएम के साथ समन्वय कर अनुमति लेने और जल्द कार्य शुरू कराने के लिए कहा। उन्होंने सभी जिलों के डीएम और सीडीओ को निर्देशित किया कि जिन योजनाओं में प्रगति अच्छी नहीं है, वहां गंभीरता से ध्यान दिया जाए।
बैठक में डीएम मथुरा चंद्रप्रकाश सिंह, डीएम आगरा अरविंद मलप्पा बंगारी, डीएम मैनपुरी अंजनी कुमार सिंह, डीएम फिरोजाबाद रमेश रंजन के अलावा सीडीओ मथुरा मनीष मीना, सीडीओ मैनपुरी नेहा बंधु और सीडीओ फिरोजाबाद शत्रोहन वैश्य मौजूद रहे।
-
50 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का भी जाना हाल
मंडलायुक्त ने बैठक में आगरा मंडल की 50 करोड़ की लागत से अधिक की परियोजनाओं का भी हाल जाना। आगरा में ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण समय से पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था सेतु निगम के आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद जिले में धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर नाराजगी व्यक्त की। मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे से पागल बाबा मंदिर तक फोरलेन निर्माण कार्य एवं यमुना नदी पर दो लेन सेतु निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराने और वृंदावन परिक्रमा मार्ग को भी दुरुस्त करने के लिए कहा। इसके अलावा शिवाजी महाराज संग्रहालय का निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए कहा।