मेडिकल काउंसिल एक्ट में संशोधन सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर निजी चिकित्सकों ने बुधवार को कलक्ट्रेट पर धरना दिया। इस दौरान नर्सिंग होम, चिकित्सकों के क्लीनिकों पर मरीजाें की लंबी कतारें लग गईं।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर चिकित्सकों ने दोपहर ग्यारह बजे से कलक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। चिकित्सकों का कहना है कि सरकार मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया को समाप्त कर नेशनल मेडिकल कमीशन बनाने जा रही है। यह आम जनता और चिकित्सकों के हितों के अनुकूल नहीं है।
चिकित्सकों ने मेडिकल काउंसिल एक्ट में संशोधन, उपभोक्ता संरक्षण कानून में बदलाव करके मुआवजे की उचित मांग की। कहा कि पीसीपीएनडीटी में लिपिकीय त्रुटि पर भारी भरकम जुर्माना और सजा बंद की जाए, चिकित्सीय संस्थानों में हिंसात्मक कार्रवाई से सुरक्षा की मंाग की गई।
इस अवसर पर अध्यक्ष डा. रविकांत, सचिव डा. राजीव मित्तल, डा. राजीव अग्रवाल, डा. मुकेश जैन, डा. शशांक माहेश्वरी, डा. हार्दिक जैन, डा. पवन अग्रवाल, डा. रेनू अग्रवाल आदि मौजूद थे। इधर चिकित्सकों के दो घंटे कार्य न करने से नर्सिंग होम, क्लीनिकों पर मरीजों की कतार लग गई। कई जगह इमरजेंसी के चलते मरीज कराहते रहे और तीमारदार इधर से उधर भागते रहे।